रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की महराजगंज नगर इकाई ने शनिवार को ऑनलाइन खरीदारी का विरोध करते हुए बाजारों में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान में नगर इकाई के अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह उर्फ पिंटू के नेतृत्व में पदाधिकारियों महामंत्री प्रिंसू वैस्य, उपाध्यक्ष मानस वैस्य, युवा नगर अध्यक्ष अंकुर गुप्ता, सतीश कुशमेश, मनीष वैस्य, प्रेमनाथ वैस्य, कौशर कुरैशी, लाल मनिहार, कृष्ण कुमार कसेरा, विशाल चौरसिया, आकाश वैस्य, लवकेश गुप्ता आदि ने लोगों को पंफ्लेट वितरित कर स्थानीय बाजार से खरीदारी करने की अपील की।
आपको बता दें कि, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल बग्गा गुट के अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह उर्फ पिंटू ने शनिवार को कस्बे के घास मंडी चौराहा, चंदापुर चौराहा, रंधावा रोड बाजार समेत मुख्य बाजार में जागरूकता अभियान चलाया।
नगर इकाई के अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह उर्फ पिंटू ने कहा कि, ऑनलाइन खरीदारी न करके अपने कस्बे अथवा गांव के बाजार से खरीदारी करनी चाहिए। कोरोना काल में अपने गांव नगर का व्यापारी ही आगे आया था। ऑनलाइन शॉपिंग से ठगी के मामलों में भी वृद्धि हो रही है। हम अपने कस्बे और गांव के बाजरो से खरीदारी करते हैं, तो समान को अच्छी तरह से देखभाल करके लेते हैं।
उन्होंने कहा कि, ऑनलाइन खरीदारी में सामान की गुणवत्ता के विषय में जानकारी नहीं मिलती है। यदि लोग ऑनलाइन का परहेज कर स्थानीय बाजारों से सामान खरीदेंगे तो स्थानीय व्यापारी भी रंगों का पर्व होली मना सकेंगे। ऑनलाइन खरीदारी से बड़ी कंपनियां लगातार बढ़ रही हैं, जिसका नुकसान छोटे व मध्यम वर्ग के दुकानदारों को हो रहा है।