
शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: यदि किसी भी कर्मचारी अधिकारी ने किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया तो समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर जवाब देने के लिए तैयार है। यह उद्गार आज महराजगंज कस्बे के रायबरेली रोड पर स्थित गल्ला मंडी में धरने पर बैठे समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त कर रहे थे।
आपको बता दें कि, मंडी समिति महराजगंज में स्थित धान क्रय केंद्रों पर किसानों के साथ सौतेला व्यवहार चल रहा है, तथा किसान के रूप में दलाल सक्रिय बने हुए हैं और अधिकारियों को मोटी रकम देकर धान तौलाने का काम कर रहे है। जबकि किसान हैरान-परेशान है।
इन बिचौलियों और दलालों के चक्कर में किसान अपनी मेहनत से उगाई गई धान की फसल को सरकार के मानक के अनुरूप नहीं बेच पा रहा है, जिसके जिम्मेदार मंडी से लेकर तहसील तक बैठे उच्चाधिकारी हैं। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रामलाल अकेला बताया कि, जैसे ही उन्हें किसानों ने दूरभाष पर बताया कि, उनका धान मंडी परिसर में लगे क्रय केंद्र पर नहीं तौला जा रहा है, और ना ही टोकन दिया जा रहा है, इससे आहत सपा विधायक रामलाल अकेला दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ मंडी परिसर पहुंचे, और मंडी परिसर में ही धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठते ही मंडी परिसर में उपस्थित अधिकारियों के हाथ पैर फूलने लगे।
सपा के पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने दूरभाष पर उपजिलाधिकारी व संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता की तथा कड़े लहजे में कहा कि, मंडी समिति में आए हुए प्रत्येक किसान को टोकन दिया जाए, और किसानों के धान की अविलंब तौल कराई जाए। बिचौलियों को मंडी परिसर से बाहर हटाया जाए। पूर्व विधायक के इस निर्णय से मौजूद किसानों ने समाजवादी पार्टी जिंदाबाद! अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे भी लगाए, और धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस मौके पर माता फेर सिंह, लखनऊवा यादव, पंकज यादव, अनस सिद्दकी, प्रधान प्रतिनिधि बिल्ला सिंह, राम लखन यादव, गंगासागर पांडेय, शंकर बख्श सिंह समेत भारी तादाद में लोग मौजूद रहे।
उधर मौजूद किसानों ने बताया कि, उन्हें न तो समय से टोकन मिल रहा और नहीं तौल कराई जा रही है। केंद्र पहुंचने वाले किसानों को धान में नमी बता कर वापस किया जाता है।अन्नदाताओं के साथ गलत व्यवहार हो रहा है। धान खरीद में परेशानी हो रही है। जबकि बिचौलिए और दलाल मजा काट रहे हैं।