
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: शासन के निर्देशों को धता बताते हुए साधन सहकारी समिति चंदापुर में धान की खरीद का काम ठप चल रहा है। जिससे किसानों में रोष व्याप्त है। एक ओर किसान दिन भर समिति केंद्र के चक्कर लगाकर वापस लौट रहे हैं, तो दूसरी ओर खरीद में लगे कर्मचारियों का कहना है कुटाई मिल का अटैचमेंट विलंब से होने से धान की उठान नहीं हो पा रही है। नया धान खरीदने के लिए जगह नहीं है।
आपको बता दें कि, साधन सहकारी समिति चंदापुर का केंद्र शुरू से ही विवादों के घेरे में रहा है। जहां धान की खरीद न होने के कारण विगत दिनों किसानों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया था। उप जिलाधिकारी शालिग्रराम वर्मा के हस्तक्षेप के बाद धान खरीद शुरू तो हुई, लेकिन महज दो-तीन दिन खरीद चलने के बाद विगत 4 दिनों से खरीद ठप हो गई है।
जनई के रहने वाले किसान रामसेवकसिह, सुरेंद्र शर्मा, दीप नारायण सिंह, धनंजय सिंह आदि ने बताया कि, इस समय किसानों को रबी की बुआई के लिए खाद और बीज खरीदना है, पैसे का अभाव है किसान धान बेचने के लिए परेशान हैं, लेकिन सहकारी समिति चंदापुर के कर्मचारी मनमानी पर उतारू है। जबकि बाजार में धान का रेट इतना कम है कि, किसान वहा धान बेचना नहीं चाहते है, क्योंकि खुले में धान बेचने से किसानों को लागत मूल्य भी नहीं आ पाएगी।
उधर सोमवार को इस बात की आशंका थी कि, किसान धान खरीद केंद्र का घेराव करेंगे, लेकिन इसकी भनक पुलिस प्रशासन को लग गई, बड़ी तादाद में महराजगंज कोतवाली से शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस भी मुस्तैद हो गई। गनीमत रही कि, आज के दिन किसानों ने संयम से काम लेते हुए कोई धरना प्रदर्शन नहीं किया। लेकिन किसानों ने चेतावनी दी है कि, यदि तुरंत खरीद शुरू नहीं कराई गई तो किसान आंदोलन करने को विवश होंगे।
उधर केंद्र प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो पाए, बल्कि केंद्र प्रभारी के सहायक हरीश चंद्र सिंह का कहना है कि, अब तक 426 कुंटल धान खरीद कर यहां स्टोर कर दिया गया है। कुटाई के लिए अधिकृत मिल का चयन हो गया है। धान रखने की जगह नहीं है। जैसे ही धान की उठान होती है, खरीद शुरू कर दी जाएगी।