
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के दसवंतपुर मजरे मऊ गर्बी गांव के रहने वाले 20 वर्षीय युवक अमित सिंह पुत्र सुखदेव सिंह की गुड़गांव हरियाणा प्रांत में एक निजी फैक्ट्री में कार्य करते समय क्षमता से अधिक वजन उठाने के कारण आंतों के फट जाने से उसकी मौत हो गई। उसका शव जब आज गांव लाया गया, तो पूरे गांव में मातम छा गया। सैकड़ों लोगों ने युवक की मौत पर दुख जताते हुए उसे अंतिम श्रद्धांजलि दी।
आपको बता दें कि, दसवंतपुर मजरे मऊ गांव के रहने वाले सुखदेव सिंह का लड़का अमित सिंह हरियाणा प्रांत के गुड़गांव शहर में एक निजी फैक्ट्री में श्रमिक का कार्य करता था। गांव के रहने वाले बबलू सिंह ने बताया कि, 3 दिन पहले फैक्ट्री में काम करते वक्त उसने क्षमता से अधिक वजन उठा लिया था, जिससे उसकी आंतें फट गई। आनन-फानन फैक्ट्री के के लोग एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार भी किया गया।
बताते हैं कि, उपचार के बावजूद रक्त स्राव ना रुकने की वजह से उसकी मौत हो गई। सूचना जब यहां घर भेजी गई, तो लोगों ने गुड़गांव पहुंचकर उसका शव लेकर वापस गांव आए। यह जानकारी जब गांव और आसपास के लोगों को हुई, तो सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया और उसका अंतिम संस्कार डलमऊ के गंगा घाट पर कर दिया गया।