
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: बीती रात कोतवाली क्षेत्र के गांव उमरावगंज मजरे ज्योना में छत के रास्ते घर के अंदर घुसे अज्ञात चोरों ने एक ही मकान में रह रहे चार भाइयों के सामान पर हाथ फेरते हुए लाखों रुपए का जेवरात व नकदी चुरा लिया, और चलते बने। सुबह जागने पर घरवालों को जैसे ही घटना की जानकारी हुई, मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस छानबीन कर रही है।
आपको बता दें कि, पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी पंच रतन सिंह ने बताया कि, वह और उनके भाई अभिमन्यु सिंह, माता बक्स सिंह व बलराम सिंह एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते हैं। घटना के समय सभी लोग बाहर लेटे हुए थे, तभी अज्ञात चोर रात में छत के रास्ते से घर के अंदर घुस गए, और कमरों का ताला तोड़कर कमरे के अंदर रखे बक्से और अलमारी के लाक का ताला तोड़कर उनमें रखा घर की महिलाओं के सोने चांदी के जेवरात उठा कर चलते बने।
सुबह जब महिलाएं जागी तो देखा कि, घर में कमरों के ताले टूटे हुए हैं। सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है। मामले की सूचना घर वालों को दी। इसके उपरांत मामले की सूचना पंचरतन सिंह की ओर से लिखित रूप में पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर मौका मुआयना किया है।
क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह ने बताया कि, मामला जानकारी में आया है घटना की छानबीन कर चोरों का पता लगाया जाएगा और माल बरामद किया जाएगा।