
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कस्बे की बेटी श्वेता गुप्ता ने अपने माता-पिता के साथ-साथ समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करने का काम किया है। जिससे हम सभी लोग गौरवनित महसूस कर रहे हैं। यह उद्गार आज नगर विकास मंच के संरक्षक अशोक रस्तोगी रेल प्रबंधक पद पर चयनित छात्रा को सम्मानित करते हुए व्यक्त किए हैं।
आपको बता दें कि, रेल प्रबंधक के पद पर चयनित छात्रा का उत्साह वर्धन एवं शुभकामनाएं व बधाई देने पहुंचे नगर विकास मंच के संरक्षक अशोक रस्तोगी और उनकी टीम के पदाधिकारी ने बिटिया को प्रतीक चिन्ह देखकर तथा मुंह मीठा करा कर शुभाशीष दिया और कहा कि, उनके घर की बेटी श्वेता गुप्ता ने भारतीय रेल प्रबंधक के पद पर नियुक्ति पाकर कस्बेवासियों समेत पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।
अध्यक्ष प्रशांत जयसवाल ने कहा कि, अब महिलाएं अबला नहीं हैं। जीवंत और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं। भारतीय संस्कृति में महिला के सम्मान को बहुत महत्व दिया गया है। श्वेता गुप्ता ने कठिन परिश्रम करके खुद को सशक्त बनाया है। रेल प्रबंधक के पद पर चयनित होकर खुद हो मजबूत और सशक्त किया है। श्वेता गुप्ता के रेलवे में चयन होने से कस्बे की दिशा व दशा में और ज्यादा सुधार होगा। साथ ही कस्बा और क्षेत्र में नारी का सम्मान और अधिक बढ़ जाएगा। जिले की कई महिलाएं अपने-अपने क्षेत्र और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान कर रही हैं।
महामंत्री संदीप वैश्य ने कहा कि, श्वेता गुप्ता के माता-पिता और पूर्व सभासद भाई ने उनकी पढ़ाई में किसी तरह की कमी नहीं रखी। उसी का परिणाम है कि, आज श्वेता गुप्ता का चयन रेल प्रबंधक के पद पर हुआ है। समाज में महिला को अनेक नाम से पुकारा जाता है। यही महिला नारी कहलाती है तो कभी स्त्री तो कभी औरत। महिला को चाहे किसी नाम या रूप में देखा जाए, लेकिन हमारे समाज में बिना महिलाओं के सहयोग के संपूर्ण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है।
महामंत्री फिरोज अहमद ने कहा कि, कोई भी महिला तभी आगे बढ़ सकती है जब उसका परिवार पूरी तरह से उसके साथ हो। बेटा और बेटी में किसी तरह का अंतर नहीं रखा जाए। ऐसा ही श्वेता गुप्ता के माता-पिता और भाइयों ने किया।
इस मौके पर श्वेता गुप्ता के भाई पूर्व सभासद अंकुर गुप्ता, कमलाकर विक्रमादित्य, रमजान अली, अजय वैश्य, अंकुर वैश्य आदि मौजूद रहे।