
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: महर्षि बाबा ओरी दास तपोस्थली मंदिर प्रांगण में मुरैनी प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में पूरे विधि विधान के साथ आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक परिवार की एक लड़की का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ।
आपको बता दें कि, क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुरैनी के लक्ष्मण सोनी की पुत्री मोहनी का विवाह हरदासपुर के आकाश के साथ होना निश्चित हुआ। आर्थिक स्थिति सही न होने की वजह से लक्ष्मण सोनी को अपनी बेटी का विवाह संपन्न कराने में कठिनाई हो रही थी। यह बात जब युवा प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह एडवोकेट को मालूम हुई तो उन्होंने लड़की के पिता से संपर्क किया और मोहिनी की शादी की जिम्मेदारी ली।
अपने कहे अनुसार उन्होंने शादी का पूरा खर्च उठाया।
रणविजय सिंह एडवोकेट ने मोहिनी का कन्यादान कर शादी संपन्न कराई। साथ ही ग्राम प्रधान ने शादी में दहेज का पूरा सामान, बारात का खाना, कपड़े सहित अन्य सामग्री अपने खर्चे पर वर पक्ष को दान स्वरूप दिया। प्रधान प्रतिनिधि की इस दरिया दिली को देखकर देखकर जहां मोहिनी की मां छाया देवी और पिता लक्ष्मण भावुक हो उठे, वहीं क्षेत्र में लोग रणविजय सिंह के इस पुनीत कार्य की सराहना कर रहे हैं।
मोहिनी की मां छाया देवी ने कहा कि, आर्थिक तंगी की वजह से वह अपनी बेटी की शादी करने में असमर्थ थी, ऐसे में ग्राम प्रधान की मदद उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं। भगवान ने ग्राम प्रधान को उनके सहयोग के लिए भेजा है। जबकि मोहिनी की शादी में आए हुए उनके रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों ने प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह के सहयोग को मानवता की मिसाल बताते हुए भूरि-भूरि सराहना की।
रणविजय सिंह एडवोकेट ने बताया कि, शादी समारोह में आए वर कन्या के रिश्तेदारों के लिए भोजन जलपान आदि की व्यवस्था की गई। उनके द्वारा गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह संपन्न करने के लिए उनकी ग्रामसभा में यह एक नई पहल सुरू की गई है। जिससे किसी बेटी के पिता को गरीबों का एहसास ना हो और वह अपनी बेटी की शादी धूमधाम से संपन्न करें। उन्होंने कन्यादान के पश्चात वर वधू को आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर रोहित शुक्ला, चंदन पांडेय, राजीव शुक्ला, बैजनाथ मौर्य, हरिशंकर मिश्रा, राजकिशोर दीक्षित, विजय सिंह एडवोकेट, शैलेंद्र सिंह एडवोकेट, राजकुमार सिंह मोगा, प्रभात चौधरी, बन्नू जायसवाल, सूरज यादव, प्रधान अमरेश कुमार मोन, प्रधान दीपू, पंडित उमा शंकर अवस्थी, धनंजय सिंह, झब्बू सिंह आदि लोगों ने समारोह में सम्मिलित होकर मोहिनी और आकाश के विवाह के साक्षी बने।