
शिवकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज के अधीक्षक ने बताया कि, कैम्प के दौरान पंजीकृत बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन एवं सम्पूर्ण इलाज लखनऊ के हेल्थ सिटी ट्रामा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के प्लास्टिक माइक्रोवस्कुलर कॉस्मेटिक एवं क्रेनियोफेशियल सर्जरी विभाग में किया जाएगा। उन्होने बताया कि, कई बच्चों के होंठ व तालू जन्म से कटे होते हैं। होंठ के दोनों तरफ या एक ही तरफ संभव है। सामान्यतः होठ के साथ तालू भी कटा होता है, किन्तु कभी-कभी केवल तालू के कटे होने की भी सम्भावना होती है। इसका समय से पहचान और उपचार होने से इस बड़ी समस्या से पूरी तरह निजात मिल सकती है। यह बीमारी करीब 3000 जीवित शिशुओं में से एक को हो सकती है।
आपको बता दें कि, अधीक्षक ने बताया कि, स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट के निदेशक डा0 वैभव खन्ना हेल्थ सिटी ट्रामा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की सक्रिय भूमिका है। यह संस्था प्लास्टिक सर्जरी के द्वारा बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। इसमें हर आयु वर्ग के लोगों का इलाज पूर्णतया नि:शुल्क किया जाता है। इस प्रोजेक्ट के तहत डा0 वैभव खन्ना के द्वारा अब तक 13,000 से अधिक मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि, जन्मजात बीमारी होने के कारण माता-पिता शुरुआती दौर में नही समझ पाते। बीमारी का समय से उचित चिकित्सीय इलाज न मिलने पर सही होना मुश्किल हो जाता है। यह बात महत्पूर्ण है कि, बच्चों का समय से इलाज कराने पर जन्मजात विकृति पूर्णतया ठीक हो सकती है।
सीएचसी क्षेत्र के कटे होंठ और कटे तालू वाले बच्चे खिलखिलाकर मुस्कुरा सकेंगे। बच्चों की इस जन्मजात विकृति को दूर करने के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं स्माइल ट्रेन संस्था-हेल्थ सिटी हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया है। यह जानकारी बुधवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ एसपी सिंह ने दी है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एसपी सिंह ने बताया कि, शिविर का आयोजन जिला समेत ब्लॉकों में भी किया जा रहा है। आज बछरावाँ, शिवगढ, महराजगंज, अमावाँ व हरचंदपुर ब्लॉको के मरीजों का पंजीकरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज में किया गया, जिसमें 23 मरीजों का निःशुल्क पंजीकरण किया गया और 11 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया है।
आपको यह भी बता दें कि, इसी क्रम में जगतपुर, ऊँचाहार व गौरा ब्लॉको के मरीजों का पंजीकरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र-जगतपुर में कल 12 अक्टूबर को किया जाएगा।लालगंज, सरेनी, डलमऊ व खीरों ब्लॉको के मरीजों का पंजीकरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र-लालगंज में 13 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके अलावा रोहनिया, सलोन, डीह व नसीराबाद ब्लॉको के मरीजों का पंजीकरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र-सलोन में दिनांक 16 अक्टूबर को किया जाएगा। राही, नगरीय क्षेत्र व सतांव (जिले के समीप के ब्लॉकोंं) के मरीजों का पंजीकरण कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी जनपद-रायबरेली में दिनांक 17अक्टूबर को किया जाएगा एवं समस्त ब्लॉको के छूटे हुए मरीजों का पंजीकरण कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी जनपद-रायबरेली में 18 अक्टूबर को किया जाएगा।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं आर बी एस के नोडल अधिकारी डॉ अशोक रावत ने बताया कि, अगर पैदायशी कटे होंठ व कटे तालू वाले मरीज़ो का सही समय पर आपरेशन हो जाये तो बच्चे के चेहरे पर जीवन भर मुस्कान रहती है। उन्होने कहा कि, सर्जरी तो बाद में भी हो सकती है लेकिन परिणाम बहुत अच्छा नहीं होता है। हेल्थ सिटी ट्रामा सेंटर एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में संचालित स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट का यही वास्तविक उद्देश्य है।
इसी क्रम में सीएमओ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि, ऐसे बच्चे यदि आपके घर में या आसपास हैं, तो उनका पंजीकरण अवश्य कराएं और बच्चों को उनके चेहरे पर मुस्कान देने में विभाग का सहयोग करें। अधिक जानकारी के लिए डीईआईसी मैनेजर नितेश जायसवाल 8795838400 एवं स्माइल ट्रेन संस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर 9454159999 या 9565437056 पर संपर्क स्थापित किया जा सकता है।