
शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के राजा कंस पुर मजरे पुरासी गांव में सोमवार को पूर्वांहन 11:00 बजे एक 24 वर्षीय युवक के संदिग्ध रूप से गोली लगने से घायल हो जाने की खबर मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन पुलिस के अधिकारी घायल युवक को सीएचसी महराजगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे गोली लगने की पुष्टि करते हुए उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। मामले में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिर भी पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। अब सवाल यह उठता है कि, गोली किसने और क्यों मारी, यह मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
आपको बता दें कि, मिली जानकारी के मुताबिक मामला महराजगंज कोतवाली क्षेत्र का है। जहां के रहने वाले उदयभान सिंह पुत्र शिव बहादुर सिंह के बारे में बताया गया है कि, वह पुरासी गांव को जाने वाले गुरुकुल के रास्ते के समीप स्थित एक ट्यूबवेल पर मौजूद था, तभी उसे किसी ने गोली मार दी। जो उसके बांये हाथ में लगी, और वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। किसी तरह उसने सूचना डायल 112 नंबर पुलिस को दी। पुलिस को जैसे ही गोली चलने की खबर लगी, पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह, प्रभारी निरीक्षक नारायण कुशवाहा फोर्स समेत मौके पर पहुंचे। तत्काल घायल को सीएचसी महराजगंज लाकर भर्ती कराया गया। जहां इलाज कर रहे डॉक्टर अनिल भारद्वाज ने गोली से घायल होने की पुष्टि करते हुए उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
डॉ अनिल भारद्वाज ने यह भी बताया कि, गोली मारने की घटना काफी करीब से अंजाम दी गई है। डॉक्टर द्वारा रेफर किए जाने के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना के बारे में पूछे जाने पर कोतवाली प्रभारी नारायण कुशवाहा ने बताया कि, मामले की जानकारी मिली है किंतु अभी तक घायल परिवार के द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिर भी पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
इनसेट…..
इससे पहले भी सुर्खियों में रहा है उदय भान सिंह का परिवार: आपको यह भी बता दें कि, उदय भान सिंह का परिवार हमेशा विवादों के केंद्र में रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उदय भान सिंह का बड़ा भाई सोनू सिंह गांव से ही एक नाबालिक लड़की को भगा ले जाने के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उसे अभी तक जमानत नहीं मिली है, और लड़की उसके कब्जे से बरामद भी हो चुकी है। वहीं दूसरी ओर उदय भान सिंह के ही परिवार की अविवाहित एक उम्र दराज महिला द्वारा विगत दिनों अपने हाथ को चाकू से काट कर दूसरे व्यक्ति पर यह आरोप मढ़ने की कोशिश की जा चुकी है, कि उसने जानलेवा हमला करके उसे घायल करने का प्रयास किया था। गनीमत यह रही कि, उसकी शिकायत की जब पुलिस ने गहनता से पड़ताल की तो पूरा आरोप मनगढ़ंत निकला। इसके अलावा भी इस परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में आम जन चर्चा तरह-तरह की चलती रहती हैं।