
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कस्बे के पूरे सुखई स्थित विद्या भारती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अर्धवार्षिक परीक्षाएं 26 सितंबर 2023 से प्रारंभ होकर विधिवत चलाई जा रही।
आपको बता दें कि, अर्धवार्षिक परीक्षा एवं वार्षिक परीक्षा के आधार पर वार्षिक परीक्षा परिणाम निर्गत किया जाता है। दूसरे दिन की परीक्षा विधिवत संचालित हो रही है। जिसका प्रारम्भ से ही सीसीटीवी कैमरे एवं प्रत्यक्ष परीक्षा विभाग की टीम द्वारा प्रधानाचार्य के साथ निरीक्षण किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं ने अपने जीवन की हर परीक्षा में कैसे ईमानदार रहें ? यह आदर्श व्यवस्था परीक्षा के माध्यम से उनके जीवन भर कैसे कृतित्व में आए। इस निमित्त वंदना सभा में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई। साथ ही आज वंदना सभा में अशोक सिंघल की जयंती भी मनाई गई।
वंदना सभा में अशोक सिंघल के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए प्रधानाचार्य ने बताया कि, अशोक सिंघल का जीवन समग्र राष्ट्रीय सोंच के लिए एक प्रेरणा स्रोत रहा है। श्री राम मन्दिर का निर्माण उनका सपना था जो उनकी अन्तिम यात्रा के बाद ही पूरा हो पाया। अशोक सिंघल जीवन भर अविवाहित रहकर राष्ट्र की सेवा में समर्पित रहे। 17 नवम्बर 2015 में 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने अन्तिम सांस ली। सनातन धर्म संसद के माध्यम से सभी धर्माचार्यों, अखाड़ा परिषदों, सन्त महन्तों को एक मंच पर लाने का एक पुनीत कार्य किया, जिसमें उन्होंने सर्वसम्मति से एक नारा दिया।
“हिन्दवा सोदरा सर्वे,
न हिन्दू पतितो भवेत्,
मम दीक्षा हिन्दू रक्षा,
मम मंत्र समानता।।
प्रधानाचार्य ने बताया कि, सिंघल दिल्ली राज्य के प्रान्त प्रचारक एवं 20 वर्षों तक विश्व हिन्दू परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष रहकर माँ भारती के राष्ट्रीय समाज को एक नई चेतना से संवाराने में अपना जीवन होम कर दिया।