
सार………
⭕ जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 03 से 31 अक्टूबर 2023 तक संचालित किया जाएगा।
⭕ डीएम ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी समयबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए।
⭕ निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करें और यदि कोई बच्चा बुखार आदि से ग्रसित है, तो उसे मेडिसिन किट उपलब्ध कराएं-हर्षिता माथुर।
⭕ क्षेत्र में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, फॉगिंग व शुद्ध पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्य युद्धस्तर पर चलाएं-डीएम।
विस्तार………
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन सभागार में 03 से 31 अक्टूबर 2023 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 16 से 31 अक्टूबर 2023 के मध्य दस्तक अभियान को लेकर अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी समयबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी व विषाणु जनित रोगों के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया आदि संचारी रोगों से जुडे़ मामलों की आशंका को देखते हुए जनपद में अन्तर्विभागीय समन्वय से युद्धस्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया जाए।
आपको बता दें कि, जिलाधिकारी ने कहा कि, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में 03 से 31 अक्टूबर 2023 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, आगामी 03 अक्टूबर से पहले संचारी रोग नियंत्रण के सम्बन्ध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। तालाबों, नालों व नालियों में एण्टी लार्वा का छिड़काव तथा कूड़े का निस्तारण ठीक ढंग से किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि, निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करें और यदि कोई बच्चा बुखार आदि से ग्रसित है, तो उसे मेडिसिन किट उपलब्ध कराएं साथ ही महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल के दृष्टिगत शहर व ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, ग्राम पंचायत व निकायों द्वारा स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, फॉगिंग व शुद्ध पेयजल के लिए लगातार कार्य किया जाए। ग्रामीण स्तर पर संचारी रोगों के नियंत्रण हेतु तालाबों/नालों व नालियों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से संचारी रोगों के नियंत्रण व रोकथाम के सम्बन्ध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, नगर विकास, पंचायती राज, आई0सी0डी0एस0, ग्राम्य विकास, चिकित्सा शिक्षा, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि, पशुपालन को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर संचारी रोगों की रोकथाम व नियंत्रण की कार्यवाही में और तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, व्यापक जागरूकता का कार्यक्रम संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि, वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए समय समय पर टीकाकरण अभियान चलाया जाए। ईओ नगरपालिका को निर्देश दिये कि जनपद में जलभराव व साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा नालियों की साफ सफाई के साथ फॉगिंग भी लगातार किया जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से कहा कि, गोशालाओं में साफ सफाई क साथ पशुओं का टीकाकरण भी कराया जाए। जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देशित किये कि, जहाँ कही भी जलभराव की समस्या है वहाँ पर गड्ढों को भरवाए एवं साफ सफाई भी कराई जाए। उन्होंने कहा कि, आशा बहुओ के माध्यम से लोगों को वेक्टर जनित रोगों से बचाव के बारे में जागरूक किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ वीरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 पूजा मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व समस्त एमओआईसी मौजूद रहें।