
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: घोसी में विधानसभा के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को 42 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। सपा की इस जीत से महराजगंज में सपा नेता सुधीर साहू के प्रतिष्ठान पर सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया, और खुशी का इजहार किया।
आपको बता दें कि, सपा नेता समर बहादुर यादव ने कहा कि, इस जीत ने साबित कर दिया कि, भाजपा अब अंतिम सांस ले रही है। इस उपचुनाव की तरह आगामी लोकसभा चुनाव में भी भाजपा परास्त होगी और देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। श्री यादव ने कहा कि, सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। ये जीत कई मायने में महत्वपूर्ण है। एक तरफ सपा प्रत्याशी तो दूसरी ओर पूरी सरकार चुनाव लड़ रही थी। इसके बाद भी जनता ने सपा पर विश्वास जताया।
सपा नेता सुधीर साहू ने कहा कि, घोसी उप चुनाव की तरह 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की हार होगी। जनता सरकार की गलत नीतियों से आजिज आ चुकी है, अब जैसे ही समय मिलता है, इस पार्टी को सबक सिखाने का कार्य करती है। युवा सपा नेता सुधीर साहू ने सुधाकर सिंह की जीत पर सपा नेतृत्व के साथ घोसी विधानसभा क्षेत्र की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि, जिस प्रकार घोसी की जनता ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है, इसके लिए वह बधाई की पात्र है।
सपा नेता के प्रतिष्ठान पर जश्न मनाने वालों में बाबू यादव, राजेंद्र यादव, सरवन, संजय सिंह, संजीत यादव, सुनील कुमार, मनीष, रामधनी रावत, सत्यम आदि मौजूद रहे।