
सार………
⭕ दिव्य प्रेम सेवा मिशन अवध अंचल की तरफ से शनिवार को एफजी कॉलेज में आयोजित किया जाएगा कार्यक्रम।
⭕ हिंदवी स्वराज के 350वें वर्ष पर लखनऊ में 26 से 31 अक्टूबर के बीच महानाट्य “जाणता राजा” का होगा मंचन।
विस्तार…….
रायबरेली: हिन्दू कुल के गौरव महाराज शिवाजी की तरफ से स्थापित हिंदवी स्वराज के 350वें वर्ष पर लखनऊ में 26 से 31 अक्टूबर के बीच में दिव्य प्रेम सेवा मिशन की तरफ से विशाल कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। उसी कड़ी में शनिवार को शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित विश्व का सबसे बड़ा ऐतिहासिक महानाट्य “जाणता राजा” के संदर्भ में व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित होगा।
आपको बता दें कि, शहर के फिरोज गांधी कॉलेज के सभागार में नौ सितंबर यानी आज की शाम को चार बजे कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। मिशन की अवध अंचल शाखा की तरफ से आयोजित होने जा रहे व्याख्यान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला व मुख्य वक्ता कुंवर रघुराज प्रताप सिंह “राजा भैया” होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला व विशेष प्रवेश दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ0 आशीष गौतम होंगे।
शहर के जेवीआर होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में कार्यक्रम के संयोजक दिनेश सिंह राठौर ने पत्रकारों को बताया कि, हिन्दू कुल के गौरव, मराठाओं की शान छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक 6 जून 1674 को हुआ था। शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की तिथि उस कालखंड में भारतीय अस्तित्व के दमन से भरा था। दासत्व का घोर अंधकार युग था। ऐसे में हिन्दवी स्वराज्य या हिन्दू साम्राज्य की स्थापना इतिहास की वह अद्भुत घटना हैं, जिसके उदाहरण दुनियां में बहुत ही कम मिलते हैं। महाराज शिवाजी ने अपने राज्याभिषेक को अपना साम्राज्य नहीं “हिन्दवी स्वराज्य” का नाम दिया था।
उन्होंने बताया कि, मुगल के शासनकाल में ऐसा समय आया था कि, हिन्दू यह मान चुका था की हिन्दू साम्राज्य स्थापित करना अब कल्पना मात्र रह गया है, किंतु कालखंड में छत्रपति शिवाजी महाराज ने शौर्य का प्रदर्शन किया। हिन्दवी स्वराज्य की स्थापना की थी।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन, अवध अंचल के सह संयोजक रणविजय सिंह ‘गंगापारी’ ने बताया कि, हिंदवी स्वराज की स्थापना हुए 350 वर्ष पूरे हो गए हैं। समाजसेवा के लिए काम करने वाला दिव्य प्रेम सेवा मिशन इस उत्सव को बहुत ही खास तरीके से मनाने जा रहा है। उसी कड़ी में मिशन की तरफ से शहर में शनिवार को व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। जिसमें खास वक्ता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, कुंडा विधायक राजा भैया, बीजेपी प्रवक्ता प्रेमचन्द्र शुक्ला और मिशन के अध्यक्ष डॉ0 आशीष गौतम होंगे। कार्यक्रम के सहसंयोजक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि, ‘जाणता राजा’ के संदर्भ में आयोजित व्याख्यान का विषय “छत्रपति शिवाजी महाराज का व्यक्तित्व एवं कृतित्व वर्तमान परिस्थिति में” रखा गया है। लखनऊ में होने वाले महानाटक ‘जाणताराजा’ के बारे में उन्होंने बताया कि, विश्व का सबसे बड़ा महानाट्य भारत के गौरवशाली अतीत का मंचन होगा। इतिहासकार बाबा साहेब पुरंदरे ने मराठी भाषा में 1985 में इस नाटक को शुरू किया था। इस नाटक का मंचन अमेरिका और इंग्लैण्ड सहित दुनियाभर के 1,300 से ज्यादा मंचन हो चुका है। चार मंजिला रंगमंच में 250 से ज्यादा कलाकार और घोड़े पर सवार सैन्यबल हमारे भीतर छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन चरित्र को उतारते चले जाते हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, विजय रस्तोगी, शिव कुमार सिंह, मुनीश अग्रवाल, अनुभव कक्कड़, हिमांशु सिंह, दिलीप यादव, आदि मौजूद रहे।
बॉक्स-1
आखिर क्या है दिव्य प्रेम सेवा मिशन: सेवा, साधना, सम्बोधि के भाव से अनुप्राणित कुष्ठ पीड़ितों की चिकित्सा से लेकर बालक-बालिकाओं को नि:शुल्क शिक्षा देने का काम दिव्य प्रेम सेवा मिशन कर रहा है। मिशन की स्थापना हरिद्वार में 12 जनवरी 1997 को डॉ0 आशीष भैया ने की थी। उक्त जानकारी अवध अंचल के सह संयोजक रणविजय सिंह ‘गंगापारी’ ने दी। उन्होंने बताया कि, दिव्य प्रेम सेवा मिशन की तरफ से समिधा सेवा चिकित्सालय, अनवरत अन्न सेवा, संजीव गुलाटी स्मृति चिकित्सालय, माधवराव देवले शिक्षा मंदिर, दिव्य भारत शिक्षा मंदिर जूनियर हाईस्कूल, प्रदीप वाटिका छात्रावास, गंगा वाटिका बालिका छात्रावास को संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा मिशन की तरफ से सामाजिक कार्यों में भी बहुत बड़ा योगदान किया जा रहा है। गंगा नदी के प्रति जागरुक करने के लिए हरित भारत एवं निर्मल गंगा स्वच्छ भारत अभियान, विद्यार्थियों को पूर्ण क्षमता में विकसित करने के लिए आत्म संवाद अन्तर्यात्रा शिविर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
बॉक्स-2
सवा लाख लोगों को दिखाया जाएगा नाटक: दिव्य प्रेम सेवा मिशन की तरफ से 26 से 31 अक्टूबर को लखनऊ में हिंदवी स्वराज के 350वें वर्ष पूरे होने पर विशाल कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। अवध अंचल के सह संयोजक रणविजय सिंह ‘गंगापारी’ ने बताया कि, लखनऊ के जनेश्वर मिश्रा पार्क में ‘जाणता राजा’ महानाटक का मंचन किया जाएगा। लखनऊ से लेकर आसपास जिलों से सवा लाख लोगों को यह नाटक दिखाया जाएगा। बाबा साहेब पुरंदरे की तरफ से रचित इस नाटक में माता जीजाबाई ने किस प्रकार से हिन्द स्वराज और फिर रामराज के लिए हमेशा ही शिवाजी महाराज को प्रेरित किया था, उसको दिखाया जाएगा। इसके साथ ही नाटक में शुरू से लेकर अंत तक हिन्दवी स्वराज और रामराज का ही वर्णन है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ करेंगे।