
सार……..
⭕ बाराबंकी में आज सुबह एक बहुमंजिला इमारत गिर गई, जिसके मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। बचाव अभियान चल रहा है।
विस्तार…..
रजनीकांत अवस्थी
बाराबंकी: आज सोमवार की सुबह लोगों की आंख ठीक से खुली भी नहीं थी कि, बाराबंकी से बड़ी खबर सुनने को मिली। दरअसल जिले में सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया। इमारत के ढह जाने से उसके मलबे में दब गए लोगों को प्रशासन की मदद से बाहर निकाला जा रहा है। लेकिन इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
आपको बता दें कि, हादसे को लेकर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी दिनेश सिंह ने बताया है कि, यह हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ है। घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू शुरू कर दिया गया है। लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम पहुंच गई है। मलबे से निकाले गए 12 लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया था, इनमें से दो की मृत्यु हो गई, अन्य गंभीर घायलों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। अभी तीन लोगों के फंसे होने की जानकारी मिल रही है। बचाव अभियान जारी है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, बाराबंकी के थाना फतेहपुर क्षेत्र के अन्तर्गत कस्बा फतेहपुर में तीन मंजिला मकान गिर गया, इसमें लगभग 15 लोग दब गए। जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मकान के मलबे से 12 लोगों को निकाल लिया गया। इनमें से 10 लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बाराबंकी भेजा गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद आठ लोगों को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है एवं दो लोगों की उपचार के दौरान जिला अस्पताल बाराबंकी में मृत्यु हो गयी है तथा दो लोगों का उपचार सीएचसी फतेहपुर में चल रहा है।
उधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उधर आसपास के लोगों ने बताया कि, धमाके जैसी तेज आवाज से उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो हाशिम का पूरा मकान गिर चुका था। घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। डॉयल-112 को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंच गए। हादसे की भयावहता को देखते हुए एसडीआरएफ को बुलाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल भेजा गया।