
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के गांव नाथगंज मुजरे हलोर में बाबा का बुलडोजर रविवार के अवकाश के दिन भी चला। मौके पर राजस्व कर्मियों व पुलिस की संयुक्त टीम ने खलिहान की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत सही पाए जाने पर बुलडोजर चला कर अवैध कब्जा हटा दिया गया। बुलडोजर को अतिक्रमण हटाते देखने के लिए सैकड़ो लोग मौके पर मौजूद रहे।
आपको बता दे कि, गांव के रहने वाले रामाधीन ने जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि, उनके ही परिवार के दो लोगों भगवती, सुखलाल पुत्रगण रामनाथ ने खलिहान भूखंड संख्या 719 रकबा 0.114 हेक्टर जमीन पर अवैध कब्जा करके निर्माण कर रखा है।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम महराजगंज रजित राम गुप्ता को निर्देश दिया कि, स्थलीय जांच करके यदि निर्माण अवैध पाया जाता है तो उसे गिरा दिया जाए। एसडीएम ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि, उक्त दोनो लोगों के अतिरिक्त शिकायतकर्ता रामाधीन समेत उनके ही घर के राम सुख व राम अवतार पुत्रगण चौधरी ने भी खलिहान की जमीन पर अवैध कर्ज कर रखा है। इस पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार सत्य प्रकाश गुप्ता की अगवाई में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें गठित कर महराजगंज से बुलडोजर ले जाकर अवैध निर्माण तत्काल ध्वस्तकराकर जमीन को खाली करने का निर्देश दिया।
जिस पर नायब तहसीलदार ने अपने साथ राजस्व निरीक्षक मोहम्मद अहमद, लेखपाल प्रिया सिंह व दर्शित श्रीवास्तव के अलावा लेखपाल विकास कुशवाहा, लेखपाल संतोष पटेल एवं पुलिस बल ले जाकर मौके पर किया गया अवैध अतिक्रमण ढहा दिया। यह दृश्य देखने के लिए गांव के सैकड़ो लोगों का मजमा लग गया।