
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कस्बे में साफ सफाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर विकास मंच के पदाधिकारी की एक बैठक में सर्वसम्मत से प्रस्ताव पारित किया गया है कि, साफ सफाई अभियान को दुरुस्त किया जाए, साथ ही अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर पारदर्शिता बरती जाए अन्यथा नगर विकास मंच से जुड़े लोग महराजगंज की जनता के साथ मिलकर आंदोलन छेड़ेंगे। इस बारे में जब अधिशासी अधिकारी अपर्णा मिश्रा से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि, आरोप बे-बुनियाद हैं। नगर के प्रमुख नालों की सफाई करवरकर गंदगी को समाप्त किए जाने का कार्य चल रहा है। साथ ही अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगर पंचायत और जिला प्रशासन निष्पक्षता से कार्यवाही करता है।
आपको बता दें कि, संगठन के अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल की अगुवाई में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें आरोप लगाया गया है कि, महराजगंज में सफाई कर्मियों की तादाद कम होने से प्राय: मोहल्ले में गंदगी बनी रहती है। केवल महराजगंज रायबरेली, महराजगंज बछरावां और महराजगंज इन्हौना जैसी प्रमुख सड़कों पर साफ सफाई होती है।
आलम यह है कि, जरा सी बरसात होने पर कस्बे में गंदा पानी सड़कों पर आ जाता है, जिससे होकर स्कूली बच्चे भी गुजरते हैं और बीमार पड़ जाया करते हैं तथा व्यापारियों का व्यापार खत्म हो जाता है, अगर यही स्थिति बनी रही तो महराजगंज का व्यापारी भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएगा।
वहीं दूसरी ओर बैठक में अतिक्रमण हटाओं अभियान के बारे में चर्चा हुई तो आरोप लगाया गया कि, जब-जब अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता है, व्यापारियों के साथ नाइंसाफी की जाती है। चहेते लोगों का अतिक्रमण अधिकारियों को दिखाई नहीं देता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर विकास मंच द्वारा महराजगंज ईओ को ज्ञापन की प्रति देकर नियमानुसार कार्यवाही करने की मांग की गई है।
उधर दूसरी ओर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महराजगंज अपर्णा मिश्रा ने बताया कि, साफ सफाई का अभियान युद्ध स्तर पर है। पहले प्रमुख नालों को साफ कराकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है, जहां तक अतिक्रमण हटाने की बात है, उसमें किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता है।
नगर विकास मंच की बैठक में संस्था के संरक्षक के0के0 जायसवाल, संरक्षक अशोक रस्तोगी, महामंत्री संदीप वैस्य, महामंत्री फिरोज अहमद समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।