
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के गांव मऊ सर्की के रहने वाले कृषि विभाग में व्यवसाय औद्योगिकी प्रबंधन पद पर कार्यरत डॉ सुरेश कुमार उर्फ रोहित मौर्य की मौत को लेकर मऊ सर्की ही नहीं आस-पास के गांव में मातम का माहौल दिख रहा है। रविवार को भी सैकड़ों लोग मृतक के आवास पर पहुंचकर शोक श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही मृतक के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार की है कि, घटना को अंजाम देने वाले मोटरसाइकिल सवार को खोज कर पकड़ा जाए, तथा कानून के तहत उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए।
आपको बता दें कि, बीते शुक्रवार को ड्यूटी से लौटते वक्त डॉ सुरेश कुमार मौर्य उर्फ रोहित को थाना मिल एरिया क्षेत्र के कचौंदा गांव के पास एक मोटरसाइकिल सवार ने सामने से टक्कर मार दी थी, जिससे डॉ सुरेश कुमार मौर्य उर्फ रोहित (28) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनको जिला अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ही नहीं आसपास के घरों में भी सन्नाटा पसरा रहा। रोहित का व्यवहार इतना मृदुल था कि, शोक जताने के लिए सैकड़ो लोग अस्पताल पहुंचे थे, यही नहीं शनिवार को सपा विधायक श्याम सुंदर भारती, पूर्व विधायक राम लाल अकेला, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू, कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुशील पासी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह उर्फ दद्दू, डब्बू सिंह प्रधान, राजकुमार सिंह उर्फ मोंगा, सपा नेता शत्रुघ्न मौर्य, भाजपा नेता विद्यासागर अवस्थी एडवोकेट, दीपू अवस्थी एडवोकेट, राजेश सिंह, संजय सिंह, श्याम भवन सिंह, प्रदीप सिंह चौहान, संजय सिंह प्रधानाध्यापक जनता विद्यालय, प्रभात चौधरी समेत सोनू शुक्ला, उत्कर्ष पांडेय, अनुपमा पांडेय, रंजन तिवारी, पप्पू त्यागी, लवलेश कुमार पांडेय आदि ने डॉ सुरेश कुमार मौर्य उर्फ रोहित के आवास पर पहुंचकर शोक श्रद्धांजलि अर्पित की।
उधर घटना में जिस बाइक सवार ने रोहित की बाइक में टक्कर मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया था उसका पुलिस अब तक कोई अता पता नहीं लगा सकी है। इस मामले में मृतक के पिता जग प्रसाद मौर्य ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है कि, घटना को अंजाम देने वाले बाइक सवार को खोजवाकर उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए।