
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला स्थित अंबेडकर महिला डिग्री कॉलेज में रविवार को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी का जन्म दिवस सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर मौजूद लोगों ने राजीव गांधी के अधूरे सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।
आपको बता दें कि, रविवार को अंबेडकर महिला डिग्री कॉलेज में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का जन्मदिवस मनाया गया। इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुशील पासी ने कहा कि, भारत में जन सूचना क्रांति के प्रणेता वास्तव में राजीव गांधी ही थे।
विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारत जो प्रगति कर रहा है वह वास्तव में राजीव गांधी की ही देन है। उन्होंने कहा कि, कुछ सत्तासीन नेता जन सूचना क्रांति की उपलब्धियों को अपनी उपलब्धि बताकर ढिंढोरा पीटते रहते हैं, यह सरासर गलत है। आज राजीव गांधी जिंदा होते तो भारत विश्व की महाशक्ति बन गया होता।
श्री पासी ने सत्तारुढ़ दल द्वारा कांग्रेस पर परिवारवाद की पार्टी होने के आरोप को सरासर गलत बताते हुए कहा कि, वास्तव में असली परिवारवाद तो भाजपा में ही है, जहां नेताओं के बेटे नेता ही बनाए जा रहे हैं। भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता की कोई हैसियत नहीं है, जबकि कांग्रेस में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता को मान सम्मान के साथ-साथ पूरा संरक्षण दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि, आज के दिन हम संकल्प ले कि, अपने समाज में सद्भावना विकसित करके एक स्वस्थ व मजबूत समाज का निर्माण करेंगे।
इससे पूर्व सुशील पासी समेत पार्टी के नेताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा 2 मिनट का मौन भी रखा।
कार्यक्रम में एक निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम कोमल तिवारी, द्वितीय कोमल सिंह तथा तृतीय स्थान पाने वाली गुड्डन कश्यप को मुख्य अतिथि द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर सच्चिदानंद त्रिपाठी, मोहम्मद उमर जिला चेयरमैन अल्पसंख्यक कांग्रेस, भगवानदीन फौजी, जुबेर अहमद, बृजेश कुमार, सुकृति दास कनौजिया, पूर्व नगर अध्यक्ष इरशाद आलम, सुमित्रा रावत, दिलीप शर्मा, योगेश, विचित्र चौधरी, अमरेश प्रधान, सिंह प्रताप मौर्य, आदित्य मौर्य, दुर्गेश, रामनरेश मौर्य, मकसूद अहमद, रामकुमार, मोहम्मद नफीस, सहदेव, हरीश, रोहित समेत सैकड़ो की तादाद में लोग मौजूद रहे।
उधर महराजगंज कस्बे में भी कांग्रेस के युवा नेता प्रिंसू वैस्य की अगुवाई में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का जन्म दिवस मनाया गया। यहां राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का निश्चय किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अंकुर जायसवाल, जैनुलाब्दीन उर्फ लाला मनिहार, शकील गांधी आदि मौजूद रहे।