
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: शुक्रवार की देर शाम थाना मिल एरिया क्षेत्र के गांव हरदासपुर में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में 28 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महाराजगंज के मऊ सर्की गांव का रहने वाला था।
आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊ सर्की गांव का रहने वाला सुरेश उर्फ रोहित (28) पुत्र जग प्रसाद मौर्य उर्फ निन्हऊ किसी काम से रायबरेली गया हुआ था और वहां से वापस घर लौट रहा था, तभी उसकी सामने (महराजगंज की ओर) से आ रही बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जबकि दूसरा मोटरसाइकिल सवार बाइक छोड़कर भाग निकला। उसके बारे में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। रोहित मौर्य के निधन पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
उधर घटना की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।