
सार……..
⭕ संकल्प दिवस के रूप में मनायी गयी 51वीं पुण्य तिथि रोपे गये 51 पौधे।
⭕ उमराई यादव के नाम पर बनेगा स्वागत द्वार एवं सड़क का नामकरण।
विस्तार……..
रायबरेली: स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी उमराई यादव की 51वीं पुण्य तिथि जिला पंचायत सभागार रायबरेली में संकल्प दिवस के रूप में मनायी गयी। इस अवसर पर पंचायत कार्यालय के परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर फलदार, सायादार एवं औषधि के 51 पौधे रोपित किये गये।
आपको बता दें कि, संकल्प दिवस के रूप में आयोजित गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के मन्त्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि, उमराई यादव ने 12 वर्ष की आयु में तिरंगा थामा था, उन्होनें ब्रिटिश हुकूमत की चूले हिला दी थी, उनके पुत्र ओपी यादव द्वारा लगातार 51 वर्षो से उनकी स्मृति में कार्यक्रमों का आयोजन भारतीय संस्कृति को दर्शाता है। यह कार्यक्रम लोगों को माता-पिता की सेवा एवं सम्मान के लिए प्रेरणादायक है। मन्त्री दिनेश सिंह ने घोषण की है कि, रायबरेली से सलोन राजमार्ग पर स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी उकराई यादव द्वार एवं उन्ड़वा जाने वाली सड़क का नाम उमराई यादव के नाम पर होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि, ओपी यादव को संघर्ष की प्रेरणा अपनी माँ से मिली है। रिटायर्ड प्रधानाचार्य बी0के0 मिश्रा ने कहा कि, उमराई यादव के पिता महावीर यादव, ससुर सद्धू प्रसाद यादव, सास इंदिरा यादव, पति बद्री प्रसाद यादव 1921 में सत्याग्रह में जेल गये, सभी स्वतन्त्रता सेनानी हैं।
ओ0एन0 मिश्रा एडवोकेट ने कहा कि, उमराई यादव ने स्वतन्त्रता सेनानी का कोई लाभ नहीं लिया, उनके पुत्र रामनरेश यादव, राम बहादुर यादव, ओपी यादव व एक लड़की राजकुमारी यादव हैं। बलराम अवस्थी एडवोकेट ने कहा कि, किसी व्यक्ति की आयु वह नहीं होती है, जितने दिन वह जीवित रहता है, बल्कि उसकी वास्तविक आयु वह होती है, जितने दिन वह अपनी मृत्यु के बाद अपने कार्यो के लिए याद किया जाता है। उमराई यादव की 51वीं पुण्य तिथि पर याद किया जाना उनके द्वारा किये गये कार्यो की देन हैं।
राकेश तिवारी एडवोकेट ने कहा कि, दुनिया में माँ से बड़ा किसी का स्थान नहीं होता है, माँ के आशीर्वाद से हमारा भविष्य संवरता है। भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय रस्तोगी ने कहा कि, ओपी यादव ने अन्याय के विरूद्ध आवाज उठाना अपनी माँ से सीखा है, अब तक 82 बार जेल जा चुके हैं, आज भी पूरे जनपद में अकेले व्यक्ति हैं, जो किसी भी बर्निंग टापिक पर आवाज उठाने से नहीं चूकते। सभासद एस0पी0 सिंह ने कहा कि, स्वतन्त्रता सेनानियों का हमेशा सम्मान होना चाहिए, जिनकी वजह से हम आजादी की सांस ले रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन कमलेश यादव एडवोकेट ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से लालेन्द्र श्रीवास्तव, दिनेश चन्द्र गुप्ता, जितेन्द्र यादव, अनिल कुमार प्रजापति, सुरेश चन्द्र यादव, जयसिंह यादव, शुभम श्रीवास्तव, संदीप यादव, आरपी सिंह, उमानाथ पाल, सीएल त्रिवेदी, विवेक शर्मा, सौरभ यादव, अशोक मिश्रा, अली हैदर नकवी, अनुज यादव बरवारी, ओम प्रकाश तिवारी, आशीष पाण्डेय, संतोष यादव, के0के0 सिंह, राजेन्द्र बाजपेयी, पवन अग्रहरि, रामप्रकाश यादव, रवि सिंह चौधरी आदि लोगों ने श्रीमती उमराई यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धाँजलि अर्पित की एवं वृक्षारोपण में अपनी सहभागिता निभाई।