
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: शनिवार को गांव से लेकर शहर तक मंत्री, सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों ने बृहद पौधारोपण अभियान में सहभागिता निभाई। एक ही दिन में विभिन्न प्रजाति के लाखो पौधे रोपे गए। लोगों का कहना है कि, इतने पौधे अगर तैयार हो जाएं तो जिले में हरियाली छा जाएगी।
आपको बता दें कि, प्रदेश सरकार राज्य के हरित क्षेत्र में बढ़ोतरी के लिए बृहद पौधारोपण अभियान चला रही है। इसका शुभारंभ शनिवार को हुआ। इसी क्रम में खंड विकास अधिकारी महराजगंज वर्षा सिंह ने सलेथू गांव के मिनी स्टेडियम में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आम, जामुन, गूलर, बरगद, पाकड़ और बेल का पौधा लगाया।
उन्होंने कहा कि, महराजगंज विकासखंड क्षेत्र में एक लाख 12 हजार 445 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे दो चरणों में पूर्ण किया जाएगा। पहले चरण में आज 85% पौधे लगाए जा रहे हैं। शेष 15% पौधे 15 अगस्त को लगाए जाएंगे। पूरे प्रदेश को 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। पौधा लगाने से ज्यादा महत्वपूर्ण उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि, वृक्षारोपण से क्षेत्र की प्राण वायु शुद्ध होगी एवं दूषित वायु से होने वाली बीमारियों से छुटकारा मिल सकेगा।
इस मौके पर मौजूद एडीओ पंचायत शिखर शुक्ला ने पौधों के रखरखाव के लिए जनसहभागिता पर जोर दिया और अपने हाथों से आम के पौधे का रोपण किया। उन्होंने कहा कि, पौधे हमारा भविष्य हैं। पौधारोपण अभियान जन सहभागिता के बिना अधूरा है।
इसी क्रम में सलेथू के मिनी स्टेडियम में डीसी मनरेगा मुकेश कुमार, एपीओ राजीव त्यागी समेत ग्राम प्रधान सुनीता साहू प्रधान प्रतिनिधि आरपी साहू ने 500 पौधों का रोपण किया।