
सार………
⭕ वृक्ष पृथ्वी के आभूषण हैं, इन्हें सुरक्षित और संरक्षित रखना आवश्यक है-डब्बू सिंह प्रधान प्रतिनिधि।
विस्तार……..
शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: ब्लॉक क्षेत्र के सिकंदरपुर ग्रामसभा में वन महोत्सव के मौके पर अभियान चलाकर बृहद वृक्षारोपण किया गया। जिसमें बेल, सहजन, अमरूद, नीम, करौदा, आदि वृक्ष के पौधे रोपित किए गए।
आपको बता दें कि, सिकंदरपुर ग्राम सभा के हनुमानगढ़ी प्रांगण, प्राथमिक विद्यालय मूँगताल, ककरहिया ताल, पुरनिया ताल में पौधे लगाये गए और लोगो में भी वृक्ष वितरित कर लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संयुक्त निदेशक उद्यान विभाग डॉक्टर विजय बहादुर द्विवेदी, जिला उद्यान अधिकारी केशव राम चौधरी, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह, प्रधान प्रतिनिधि डब्बू सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, रोजगार सेवक अविनाश चंद्र मिश्रा, विनोद पासी, अजीत सिंह, अमरेंद्र सिंह, लवकुमार शर्मा, परमेश्वर वर्मा, राकेश पासी, रिंकुलाल कोरी विंधा पासी आदि ने अपने हाथों से पौधे रोपित किए।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जन्मेजय सिंह ने कहा कि, वन जीवन है। इंसान को यदि इस धरती पर जीवित रहना है तो उसे सांस लेने की जरूरत है। यदि सांस लेने में ऑक्सीजन नहीं होगी तो हम सभी जीवित नहीं रहेंगे। जिस तरह से रहना, खाना, सोना जरूरी है। वैसे ही सांस लेना भी अति आवश्यक है। सांस लेने का एकमात्र जरिया, वह वृक्ष हैं। वृक्षों को बचाए रखने के लिए भारत में प्रति वर्ष जुलाई माह को वन महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। पूरे महीने तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य मनुष्य को वृक्ष के प्रति जागरूक करना है। उसकी महत्ता बताना है।
प्रधान प्रतिनिधि डब्बू सिंह ने कहा कि, वृक्ष पृथ्वी के आभूषण हैं। इन्हें सुरक्षित और संरक्षित रखना आवश्यक है। आज अलग-अलग स्थानों पर छायादार एवं फलदार बेल, सहजन, अमरूद, नीम, करौदा, आदि वृक्ष के पौधे बड़ी तादाद में रोपित किए गए।