
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गंगापुर कुटी मजरे बारीगोहन्ना गांव में सोमवार की देर रात सेवानिवृत्त विद्युत कर्मी के घर से अज्ञात चोरों ने जीने की कुंडी तोड़कर करीब छह लाख के जेवरात समेत 6,50,000 की संपत्ति पार कर दी। भुक्तभोगी ने पुलिस को घटना की तहरीर दे दी है।
आपको बता दें कि, महराजगंज कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में क्षेत्र के गंगापुर कुटी मजरे वारी गोहन्ना गांव निवासी सेवानिवृत्त विद्युत कर्मी राम दुलारे ने कहा है कि, अज्ञात चोरों ने रात्रि 11:30 बजे के बाद घटना को अंजाम दिया है। आरोप है कि, अज्ञात चोर जीने की कुंडी तोड़कर घर में घुसे। आरोप यह भी है कि, अज्ञात चोरों ने उनकी घर की अलमारी बक्से के ताले तोड़कर उस पर रखे करीब 6 लाख के सोने चांदी के आभूषण एवं 50 हजारों रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
सोमवार की तड़के करीब 5:00 बजे के भुक्तभोगी के परिजनों ने कमरे का ताला अलमारी एवं बक्से का ताला खुला देखा तो पैरों तले से जमीन खिसक गई। परिजनों में घटना को लेकर हाहाकार मच गया। पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भुक्तभोगी सेवानिवृत्त कर्मी से नुकसान की जानकारी ली। चोरी की एक बड़ी वारदात से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।
भुक्तभोगी 70 वर्षीय राम दुलारे ने बताया कि, उसने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दे दी है।
कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि, पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है, शीघ्र मामला दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।