
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के इमामगंज मंजरे खैरहना गांव में एक 22 वर्षीया युवती को जहरीले सांप ने डस लिया जिससे उसकी मौत हो गई। युवती की मौत से गांव में हाहाकार मच गया।
आपको बता दें कि, मिली जानकारी के मुताबिक गांव निवासी रामसमुझ गांव के ही एक किसान की आम की बाग ले रखा था। उसी में वह अपने परिवार के साथ रहता था। बताते हैं कि, सुबह उसकी लड़की पूजा (22) बाग में रखी खरफूश की मड़हिया (कुरिया) के नीचे भोजन बना रही थी, तभी नमक निकालने के लिए जैसे ही एक डिब्बे में हाथ डाला, नीचे बैठे काले सांप ने उसे डस लिया।
काफी उपचार करने के बाद भी युवती की हालत नाजुक बनी रही, और 1 घंटे में ही उसकी मौत हो गई। परिजन उसे अपने साथ लेकर अपने पैतृक निवास स्थान जायस लेकर चले गए। परिजनों ने बताया कि, जायस में ही पूजा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वही इस घटना से परिवार जनों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। क्योंकि लड़की की शादी तय थी, और बहुत जल्द उसके हाथ पीले होने वाले थे।