
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: मौसम की पहली बारिश ने महराजगंज इन्हौना मार्ग की पोल खोलकर रख दी है। जगह-जगह जलभराव और सड़क में बड़े-बड़े गड्ढों से लोगों का निकलना मुश्किल है। मौसम की पहली बारिश में ही महराजगंज कस्बे में पूरे सुखई में लगभग 200 मीटर में सडक़ तालाब में तब्दील हो जाती है।
आपको बता दें कि, यही हाल महराजगंज कस्बे का भी है, जहां बारिश का पानी सड़कों और पटरी दुकानों में लबालब भर जाता है तथा आवागमन भी प्रभावित हो जाता है। पीडब्ल्यूडी ने अभी तक महराजगंज इन्हौना मार्ग की सुध नही ली है। भारतीय जनता पार्टी के एक मंत्री ने भरी संसद में इस सड़क के निर्माण हेतु भारी बजट पास हो गया है का हवाला देकर सपा विधायक श्यामसुंदर भारती का मुंह बंद कर दिया था। वहीं नगर पंचायत ने हल्की कच्ची नाली बनाकर छोड़ दी है। परिणाम यह हुआ कि, लगभग 200 मीटर की सडक़ तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे चार पहिया वाहनों एवं दोपहिया समेत पैदल लोगो का निकालना मुश्किल हो गया है। यहां तक कि, स्कूल जाने वाले बच्चे इस मार्ग से नहीं निकल पा रहे हैं। इसके अलावा कई बाइक सवार और साइकिल सवार गहरे पानी में गिर रहे हैं, लोगों का महराजगंज बाजार, रायबरेली और बछरावां पहुंचना मुश्किल है।
महराजगंज इन्हौना मार्ग की इस दशा पर कांग्रेसी नेता प्रिंसू वैस्य के नेतृत्व में सुखई के पुरवा तिराहे के पास तालाब में तब्दील हो चुकी सड़क में धान रोपकर अपना विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा सरकार में सडक़ों का हाल बेहाल हैं। भाजपा सरकार अमेरिका से भी बेहतर सडक़ों की बात करती है, जबकि यहां लोग पानी से लबालब सडकों से निकल रहे हैं। जोकि किसी तालाब से कम नहीं हैं। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बारिश के पानी से तालाब में तब्दील हो चुकी महराजगंज इन्हौना सड़क पर धान की रोपाई कर कहा कि, अब सरकार किसानों को सडक़ों पर खेती करने दे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व नगर अध्यक्ष इरशाद आलम, जैनुल आबदीन उर्फ लाला मनिहार, अंकुर जायसवाल, प्रशांत जायसवाल आदि मौजूद रहे।