
रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: राजामऊ गांव में पत्नी से अनबन के चलते पति ने बुधवार भोर लगभग 4:00 के करीब अपनी पत्नी के सिर पर फावड़े से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए सीएचसी बछरावां पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि, मिली जानकारी के मुताबिक गांव निवासी नान्हूलाल पुत्र लुकई उसकी पत्नी माले (48) से लंबे अरसे से अनबन चल रही है। आए दिन दोनों के बीच विवाद होते रहते थे। बताया जाता है कि, मंगलवार देर रात से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बुधवार सुबह लगभग 4:00 बजे नान्हू ने अपनी पत्नी के सिर व चेहरे पर फावड़े से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़ी। घायल महिला चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन फानन मामले की सूचना 112 पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए सीएचसी बछरावां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए, डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। जबकि पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर घटना के बाबत पुलिस तफ्तीश कर रही है।
थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि, महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पति पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने की बात सामने आई है। पति नान्हू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।