
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने कहा कि, रायबरेली को नशामुक्त बनाने के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि, एक कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि, मद्य निषेध, समाज कल्याण, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त प्रयास से इस अभियान को सफल बनाने के हर संभव प्रयास किये जाए और रायबरेली को नशा मुक्त करने के हर स्तर पर प्रयास किये जाएं।
आपको बता दें कि, जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव आज कलेक्ट्रेट के अपने कक्ष में एनकार्ड की बैठक की अध्यक्षता कर रहीं थीं। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी वीरेन्द्र कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि, नशा मुक्ति अभियान की सफलता जागरूकता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि, ज्यादातर लोगों नशे के दुष्परिणामों के बारे में अधिक जानकारी नहीं मालूम होती है, उन्हें इसके बारे में यदि वैज्ञानिक ढंग से बताया जाए तो उनमें नशा छोड़ने की सम्भावना बढ सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि, समस्त पुलिस थानों के क्षेत्रों के अनुसार यह आकड़े जुटाये जाएं कि उस क्षेत्र में ऐसे कितने स्थान है जो नशे के अड्डे के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस चिन्हांकन के बाद उन स्थानों में आवश्यकता हो तो कार्यवाही व जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि, दवा की दुकानों पर विशेष सर्तकता बरती जाए, उन्हें सचेत किया जाए कि, यदि वे अवैध ड्रग्स का विक्रय करेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि, इस अभियान में समाज के हर वर्ग को जोड़ने के प्रयास किया जाए और अभियान को अधिक से अधिक सफल बनाकर रायबरेली को नशामुक्त करने के प्रयास किये जाए।