
●कांग्रेसियों के सीतापुर कूच को लेकर दहशत में आई सरकार।
रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पुत्र द्वारा आंदोलनकारी किसानों पर गाड़ी चढ़ा कर मार दिए जाने के विरोध में पूरे देश की समस्त विपक्षी पार्टियां मौजूदा समय में हमलावर हो रही हैं, और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग कर रही हैं।
आपको बता दें कि, इसी संदर्भ में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव उनके चाचा शिवपाल यादव, चंद्रशेखर, आप पार्टी से संजय सिंह सहित तमाम विरोधी नेताओं को गिरफ्तार किया गया, और जगह-जगह उनको कैद करके रखा गया, विपक्षियों के हमले से सरकार इतनी ज्यादा दहशत में थी कि, पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी को लखनऊ में उतरने नहीं दिया गया।
इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी की कमान संभाल रही प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा लखीमपुर खीरी कूच का कार्यक्रम बनाया गया, परंतु उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा सरकार के निर्देश पर उन्हें वहां नहीं पहुंचने दिया गया, और रास्ते में ही गिरफ्तार कर सीतापुर ले जाया गया।
लगभग सभी राजनीतिक नेताओं को छोड़ दिया गया, परंतु प्रियंका गांधी मौजूदा समय में भी सीतापुर पुलिस की गिरफ्त में है, इससे आक्रोशित पूरे उत्तर प्रदेश के कांग्रेसी आंदोलित है। प्रयागराज से लेकर बनारस व रायबरेली सहित तमाम जिलों के कांग्रेसी कार्यकर्ता सीतापुर जाने के लिए रवाना हो गए।
परंतु रायबरेली की सीमा पर लखनऊ इलाहाबाद हाईवे टोल प्लाजा पर उप जिला अधिकारी सविता यादव महराजगंज एवं क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह मय फोर्स के साथ चाक चौबंद नजर आए, और यह कहते हुए कि, लखनऊ में प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम है, वहां इन नेताओं के पहुंचने से अराजकता फैल सकती है, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, और गिरफ्तार कर नहर विभाग के गेस्ट हाउस में वैकल्पिक जेल बनाकर उन्हें नजरबंद कर दिया गया।
प्रयागराज से आए आशीष कुमार तथा रंजना, बराती लाल पांडेय, सुरेश चंद यादव, बछरावां ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश चौधरी ने इस गिरफ्तारी पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि, कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के साथ खड़ी हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री द्वारा जय जवान जय किसान का नारा दिया गया था। सभी ने लखीमपुर खीरी में घटित घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि, इस कृत्य के लिए कांग्रेस पार्टी माफ नहीं करेगी, और जनता भी यह देख रही है। आज विगत 10 महीने से देश का अन्नदाता सड़कों पर पड़ा हुआ है। 700 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। लेकिन यह क्रूर सरकार में केवल किसानों की हत्याएं हो रही है। यह अंग्रेजों से भी बढ़कर काले अंग्रेज बन चुके हैं। लेकिन इनके जुल्मों सितम से कांग्रेस पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है, और वह अपने नेता प्रियंका गांधी के इशारे पर सर्वस्व निछावर करने को तैयार है।
उत्तर प्रदेश की जनता 2022 के विधानसभा चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रही है चंद महीनों बाद इन्हें उत्तर प्रदेश से बाहर का रास्ता दिखा कर देश का किसान मजदूर बेरोजगार नौजवान अपना बदला लेगा।