
शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: विगत 7 सितंबर 2021 को महराजगंज ब्लॉक प्रमुख राजकुमार पासी पर असनी गांव में हुए जानलेवा हमले के मामले में ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने आज बैठक करके आक्रोश जताया तथा पुलिस पर आरोप लगाया कि, वह निष्क्रिय है। बैठक में यह बात भी सामने आई की हमलावरों को भाजपा के ही एक नेता का संरक्षण प्राप्त है। एक स्वर से मौजूद सभी ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने एक प्रस्ताव पारित करके घटना की कड़े शब्दों में निंदा की, और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन कोतवाली महराजगंज पहुंचकर कोतवाल मनोज कुमार सिंह को सौंपा। प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने घोषणा की है कि, 3 दिनों के भीतर अगर अभियुक्तों और उन को संरक्षण देने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही नहीं की जाती है, तो पूरे ब्लॉक में विकास कार्य थप्प कर देने का कार्यक्रम शुरू किए जाने पर भी विचार किया जाएगा।
आपको बता दें कि, महराजगंज ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में लगभग सभी 53 ग्राम प्रधान और अधिकांश बीडीसी के साथ-साथ पूर्व प्रधान व सम्मानित लोग शामिल हुए। खचाखच भरे सभागार में वक्ताओं ने पुलिस के कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि, घटना को हुए 4 दिन बीतने को है, लेकिन पुलिस अभी तक नामजद किए गए एक भी अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
बैठक में बोलते हुए ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ दद्दू सिंह ने कहा कि, सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि, ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान असनी पर प्राणघातक हमला किया गया। लेकिन पुलिस ने साधारण मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, यह गलत बात है। उन्होंने मांग की है कि, मुकदमे में धारा 307 बढ़ाकर अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर और एनएसए की कार्यवाही की जानी चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य बड़े जनांदोलन के लिए तैयार बैठे हैं।
इसी क्रम में पूर्व ब्लाक अध्यक्ष ग्राम प्रधान संघ हरिकरन सिंह उर्फ गुड्डू ने कहा कि, ब्लाक प्रमुख राजकुमार पासी पर एक साजिश रच कर हमला कराया गया है। इसके पीछे हमलावरों की रणनीति प्रमुख को जान से मारने की थी, किंतु भाग्यबस प्रमुख जिंदा बच गए। उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी के एक नेता पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि, यह नेता तीन-चार दिनों से हमलावरों के घर पर बैठकर साजिश रच रहा था। उसी के इशारे पर यह हमला हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि, अगर 3 दिनों के अंदर हमलावरों पर कठोर कानूनी कार्यवाही नहीं की गई, तो सारे प्रधान विकास काम ठप कर तहसील और जिला मुख्यालय तक धरना प्रदर्शन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य भगवानदीन फौजी ने भी एक दलित जाति के ब्लाक प्रमुख पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य करार देते हुए कहा कि, यह भाजपा की अंदरूनी कलह का परिणाम है। इसमें साजिश रचने वालों के विरुद्ध भी कार्यवाही होनी चाहिए।
इसी क्रम में प्रधान प्रतिनिधि पुरासी गंगासागर पांडेय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि, अभी पुलिस प्रशासन नहीं चेता, तो हर प्रधान और बीडीसी अपने साथ दो-दो सौ लोगों को गांव से लाकर विशाल धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित करेगा।
ब्लॉक सभागार में मौजूद पूर्व प्रधान प्रतिनिधि अलीपुर रविराज सिंह ने कहा कि, ब्लाक प्रमुख पर हमले की घटना बहुत ही निंदनीय है, उससे भी ज्यादा पुलिस के नकारेपन का प्रतीक है कि, नामजद अभियुक्त अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। इस घटना से जनप्रतिनिधियों ही नहीं बल्कि आम जनता में रोष व्याप्त है।
बैठक में ग्राम प्रधान ज्योना उमेश कुमार उर्फ कुन्नू, प्रधान टीसाखानापुर अत्रि कांत द्विवेदी, बीडीसी मऊ भगौती प्रसाद पासी, बीडीसी मऊ शर्की भोलू सिंह तथा हरदोई के पूर्व प्रधान आलोक चौधरी सहित बड़ी तादाद में प्रधान और बीडीसी ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मांग की है कि, पंचायत प्रतिनिधियों को अपमानित करने के लिए जिस तरह से कुछ तत्व सक्रिय हैं, उन पर कठोर कार्यवाही की जाए, अन्यथा इसके भयंकर परिणाम होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह उर्फ दद्दू तथा संचालन पूर्व प्रधानाध्यापक मास्टर राम प्रकाश पासी ने किया। इसके उपरांत सैकड़ों ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों का समूह पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचा, जहां कोतवाल मनोज कुमार सिंह को घटना से संबंधित कार्यवाही की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कोतवाल को सौंपा।
ज्ञापन लेने के बाद कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने भरोसा दिलाया कि, शीघ्र ही इस मामले में पुलिस कार्यवाही आप सभी के समक्ष आ जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस मौके पर ब्लाक प्रमुख राजकुमार पासी, ग्राम प्रधान असनी दिलीप चौधरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप चौधरी, ग्राम प्रधान हसनपुर केशव चौधरी, पूर्व प्रधान बृजेश कुमार त्यागी, पूर्व प्रधान हलोर प्रतिनिधि संत कुमार चौधरी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जनई बिल्ला सिंह, ग्राम प्रधान जमोलिया अंजनी कुमार गुप्ता, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जमुरावां दीपू यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनू पंडित, युवा भाजपा नेता पुष्कल सिंह, ग्राम प्रधान मऊ भेलई मौर्य समेत बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे।
इनसेट…….
ग्राम प्रधान संघ और क्षेत्र पंचायत सदस्य समिति की संयुक्त बैठक में पूर्व ब्लाक प्रमुख ब्रह्मा सिंह के निधन पर शोक जताते हुए 2 मिनट का मौन भी रखा गया। सर्वसम्मति से पास शोक प्रस्ताव में उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।