
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: महराजगंज क्षेत्र सहित रायबरेली जनपद भर में हरतालिका व्रत (कजरीतीज) श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। जगह-जगह महिलाओं ने मिट्टी से शिव पार्वती की मूर्ति बनाकर पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की, तथा आचार्य द्वारा कथा का श्रवण पान किया।
आपको बता दें कि, हिंदू पंचांग के अनुसार भाद्रपद माह में शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका तीज व्रत रखा जाता है। मान्यता है कि, हरतालिका तीज व्रत करने से अखंड सौभाग्य के साथ सुख-शांति प्राप्त होती है। कहते हैं कि, इस व्रत को सबसे पहले माता पार्वती ने भगवान शिव के लिए किया था। इस व्रत में भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान के साथ पूजा की जाती है। इस साल यह व्रत 9 सितंबर, गुरुवार यानी आज है।
ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, हरतालिका तीज व्रत में मिट्टी से बनी शिव-पार्वती प्रतिमा का विधिवत पूजन किया जाता है। आज पूजन के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह से जुड़ी कथा को सुना जाता है। कुंवारी कन्याएं भी सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए हरतालिका तीज व्रत रख सकती हैं। कहते हैं कि, एक बार व्रत रखने के बाद इस व्रत को जीवनभर रखा जाता है। बीमार होने पर दूसरी महिला या पति इस व्रत को कर सकते हैं।