
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के आवाहन पर भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयन्ती पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे जय भारत महा जनसम्पर्क अभियान के अंतर्गत बछरावां विधानसभा के थुलेंडी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुशील पासी और शिवगढ़ कांग्रेस कमेटी के शिवगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष गौरव मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा महराजगंज, बछरावां व शिवगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में प्रातः काल प्रभात फेरी निकाली गई, दोपहर में श्रमदान एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व सैनिकों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। शाम को गांव में चौपाल एवं रात्रि प्रवास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आपको बता दें कि, कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए गए इस महा अभियान के तहत शुक्रवार को तीनों ब्लाकों की सभी न्याय पंचायतों में सुबह प्रभात फेरी निकाली गई, जिसके समापन पर सभी कांग्रेसियों ने संविधान की शपथ ली। दोपहर में श्रमदान एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया, वहीं शाम को चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनी गई एवं समस्याओं के समाधान के प्रयास किए गए।
चौपाल के पश्चात कांग्रेसियों ने रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों का दुख दर्द बांटते हुए उन्हें अपनेपन का एहसास कराया। शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत रीवां में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष गौरव मिश्रा ने कहा कि, देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती पर आज शिवगढ़ क्षेत्र की सातों न्याय पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि, कार्यक्रम का आयोजन न्याय पंचायत अध्यक्षों की अध्यक्षता में आयोजित किया गया है। जिसमें कांग्रेसियों के साथ ही आम जनता ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया हैं।
पूर्व जिला सचिव दिनेश यादव ने कहा कि, परिवर्तन की बयार बह चली है, जनता ने कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना लिया है, 2022 के चुनाव में जनता भाजपा को जड़ से उखाड़ फेकेगी। ब्लॉक भर में न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पंचायत बैंती में पार्टी कार्यकर्ताओं में हरिशंकर तिवारी, बृजेन्द्र द्विवेदी, कसना में रामकिशोर मौर्य रामदेव लोधी, भौसी में रामू रावत, प्रेम गुप्ता, बसंतपुर सकतपुर में चंद्र मोहन दीक्षित, शिव शंकर अवस्थी, न्याय पंचायत बेड़ारु में तुलसीराम, उपेंद्र सिंह, रीवां में रामबरन लोधी, सोमनाथ मौर्य, शिवगढ़ में अशोक यादव, सखाराम के साथ ही अलग-अलग न्याय पंचायतों में पराग प्रसाद रावत, गणेश शंकर मिश्रा, दिनेश यादव ,रामशंकर शुक्ला, साहब शरन पासी, संजय सिंह,मो0 रईश, अश्वनी अवस्थी, शिवशंकर, अवनीश अवस्थी आदि लोग मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव सुशील पासी ने बताया कि, बछरावां ब्लॉक की थुलेंडी ग्राम सभा में जय भारत महा जनसंपर्क कार्यक्रम के तीसरे दिन धार्मिक स्थलों पर श्रमदान किया गया, व प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद किसान कांग्रेस चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें ब्लॉक महामंत्री रमेश गुप्ता, न्याय पंचायत अध्यक्ष सुरेश कुशवाहा, जुबेर कुरेशी, मोहम्मद इरफान कुरैशी, तनवीर आकिब, विजय बहादुर पासी, शकील कुरैशी, नौशाद कुरैशी, ठन्नु पासी सनौध पासी, मैकू पासी, राजेश लोधी, व ग्राम प्रधानपति शानू खान, संतराम बीडीसी आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुशील पासी ने पत्रकारों को बताया कि, 19 अगस्त को पहले दिन सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक ग्रामीणों से संवाद कर पार्टी की नीतियों का को जन जन तक पहुंचाने का काम किया गया। इसके बाद दो से तीन बजे तक चिह्नित परिवार में भोजन और विश्राम किया गया इसके अलावा तीन से पांच बजे तक खेती, किसानी पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई तथा उनके निस्तारण का प्रयास किया गया। शाम पांच से छह बजे तक प्रधान एवं बीडीसी से मुलाकात किया गया, दूसरे दिन 20 अगस्त को स्कूल, न्याय पंचायत, धार्मिक स्थल पर सुबह सात से नौ बजे तक प्रभातफेरी निकाली गई तथा श्रमदान किया गया।
उन्होंने बताया कि, 10 से 12 बजे तक राजीव गांधी सम्मान समारोह के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानी, सैनिक, सफाईकर्मी, रसोइया, आशा एवं शिक्षामित्र आदि के घर जाकर उन्हें तथा उनके परिजनों को सम्मानित करने के साथ ही गांव से फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया गया। तीसरे यानी अंतिम दिन सुबह सात से नौ बजे तक प्रभातफेरी एवं श्रमदान, उसके बाद युवा संवाद कार्यक्रम के तहत गांव के युवाओं से बातचीत की गई। संविधान शपथ, चिह्नित परिवार में भोजन सहित मेरा गांव मेरा देश संवाद कार्यक्रम के तहत उनकी समस्याओं को भी सुना गया।
इसके बाद पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता गांव के प्रभावशाली लोगों से मुलाकात की। अंत में फेसबुक पर लाइव आकर दिन भर के अनुभवों, गांव की प्रमुख समस्याओं पर सात से आठ बजे तक बात रखी गई। तीनों दिन पार्टी नेताओं/कार्यकर्ताओं ने गांवों में रात्रि विश्राम किया।